नवागढ़ में बिजली कटौती से फूटा लोगों का गुस्सा, विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में विद्युत कार्यालय का घेराव
जांजगीर चांपा, 30 जून (हि. स.)। लगातार हो रही बिजली कटौती और अनियमित विद्युत आपूर्ति से परेशान नवागढ़ क्षेत्र के लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने विधायक व्यास कश्यप, जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम लोगों के साथ-साथ विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और छोटे व्यवसायों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि आम जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अनावश्यक बिजली कटौती तत्काल बंद करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT