नारायणपुर के ग्राम पंचायतों में 23 नवंबर से जनसमस्या समाधान शिविरों की होगी शुरुआत
नारायणपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले की ग्राम पंचायतों में 23 नवंबर से जनसमस्या समाधान शिविरों की शुरुआत होगी, जो 28 जनवरी 2027 तक अलग-अलग गांवों में लगेंगे। कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन शिविरों में ग्रामीण अपनी समस्याएं रखकर शासकीय योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह पहल सीधी राहत का माध्यम बन सकती है। जिला प्रशासन के अनुसार इसका उद्देश्य जनसमस्याओं का निराकरण करना और पात्र हितग्राहियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। गांव में रहते हुए ही सरकारी सेवाओं तक पहुंच मिलने से दफ्तरों के चक्कर कम लगने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अनुसार पहला शिविर 23 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत कुतुल में लगेगा, जिसमें कुतुल, धुरबेड़ा और पदमकोट के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद 03 दिसंबर को कोंगे, 10 दिसंबर को कोडोली ऊर्फ कस्तुरमेटा और 17 दिसंबर को गारपा में शिविर आयोजित होंगे। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में 24 दिसंबर को कोहकामेटा और 31 दिसंबर को जाटलूर में शिविर लगेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे