हत्या की वारदात के बाद शराब दुकान बंद करने किया गया प्रदर्शन
जगदलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र अंर्तगत नया बस स्टैंड के पास बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या की वारदात के बाद नया बस स्टैंड के शराब दुकान के सामने हत्या के विरोध में आज सोमवार को बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
महिलाओं और स्थानीय लोगों ने शराब दुकान के सामने रास्ता जाम कर प्रदर्शन किया और इस शराब दुकान काे बंद करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब दुकान के आस-पास लगातार विवाद और आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से शराब दुकान को बंद कराने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है, पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन जारी रहा ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे