लोकतंत्र की रक्षा, हर वोट की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव कांग्रेस का संकल्प : चंदन कश्यप
जगदलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान एवं बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश में लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के अंतर्गत नगरनार ब्लॉक के गारावंड मंडल में पंचायत भवन के समक्ष मंडलस्तरीय जन चौपाल का आयोजन किया गया।
जन चौपाल में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ संवाद कर लोकतंत्र के सामने मौजूद चुनौतियों, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और प्रत्येक नागरिक के संवैधानिक मतदान अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को बताया गया कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के हाथों में है और इस ताकत का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम उसका वोट है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी होती है, पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं अथवा फर्जी और दोहरे नामों के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास होता है, तो यह केवल चुनाव व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे और नागरिकों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर सवाल है। कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।
पूर्व विधायक नारायणपुर चंदन कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान केवल कांग्रेस पार्टी का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा से जुड़ा जनआंदोलन है। मतदाता सूचियों में गड़बड़ी, फर्जी प्रविष्टियां, दोहरे पंजीकरण और बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने जैसे गंभीर विषयों पर जनता को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गायब हो जाता है, तो वह अपने सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो सकता है।
चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर प्रत्येक मतदाता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
इस दाैरान ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा, मंडल प्रभारी दिनेश सिंह, मंडल अध्यक्ष दयाराम कश्यप, रविशंकर तिवारी,लखीराम भरती, हेमंत देवांगन, कमल नाग, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णिमा सीरिल, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रभुदास नाग, अंकित सिंह, महादेव मंकी, बुद्ध प्रकाश गोयल, रमेश पात्रो, नीलकंठ गोयल, नीमसार बघेल, बालक गोयल, मंगल साय बघेल, लक्ष्मण नाग, बलराम गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे