छत्तीसगढ़ में आज से प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री सस्ती, टोल प्लाजा पर कैश भुगतान बंद

 

रायपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। आज बुधवार एक अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही देशभर में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। नए टैक्स सिस्टम के लागू होने से टैक्स प्रक्रिया बदली है। टोल प्लाजा पर कैश भुगतान बंद कर दिया गया है। टोल दरों में बढ़ोतरी से हाईवे पर सफर करना अब महंगा हो गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में शराब और पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं। इसी बीच राहत की बात यह है कि प्रदेश में प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री सस्ती हो गई है।

छत्तीसगढ़ में स्टाम्प ड्यूटी पर 12 प्रतिशत सरचार्ज खत्म होने से जमीन की रजिस्ट्री सस्ती हुई है। नई आबकारी नीति के तहत शराब अब प्लास्टिक बोतलों में बिकेगी , साथ ही विदेशी अंग्रेजी शराब और बियर महंगी हो गई है।

एक अप्रैल से पेट्रोल का दाम एक रुपये बढ़ गया है। टोल टैक्स का भुगतान केवल फास्टटैग या यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों से ही किया जा सकेगा। कॉमर्शियल गैस के दाम में बढ़ोतरी की गई है। रायपुर में अब कीमत 2300 रुपये तक पहुंच गया है।

अब राशन दुकानों से अप्रैल, मई और जून तीन महीने का चावल एक साथ दिया जाएगा, जिससे हितग्राहियों को सुविधा मिलेगी।

प्लास्टिक बोतल में शराब

नई आबकारी नीति के तहत अब शराब प्लास्टिक (पेट) बोतलों में बेची जाएगी। साथ ही टैक्स बढ़ने से विदेशी शराब और बियर महंगी हो सकती है, जबकि देसी शराब की कीमतें यथावत रहेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल