बकाया कर नहीं चुकाने पर निगम सख्त, कोरबा जोन में 3 बड़े बकायेदारों की संपत्ति सील

 


कोरबा, 13 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा ने बकाया कर नहीं चुकाने वाले बड़े करदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त आशुतोष पांडेय के निर्देश पर निगम के राजस्व अमले ने शुक्रवार को कोरबा जोन में तीन बड़े बकायेदारों की संपत्तियों को सील कर दिया।

निगम अधिकारियों के अनुसार, संपत्तिकर सहित अन्य करों की बड़ी बकाया राशि लंबे समय से जमा नहीं की जा रही थी। बार-बार नोटिस और वारंट जारी करने के बावजूद संबंधित करदाताओं द्वारा राशि जमा नहीं की गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। निगम का कहना है कि यदि जल्द बकाया कर जमा नहीं किया गया तो सीलबंद संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 6 निवासी जरहा साव पर 1 लाख 86 हजार 700 रुपये, वार्ड क्रमांक 6 में सिंधी गुरुद्वारा के पास स्थित एक सीमेंट दुकान संचालक पर 1 लाख 46 हजार 679 रुपये तथा पुरानी बस्ती निवासी सहोदरा बाई पर 99 हजार 535 रुपये का बकाया था। इन सभी द्वारा कर राशि जमा नहीं करने पर निगम की टीम ने उनकी संपत्तियों को सील कर दिया और तत्काल बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए।

इस कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता भूषण उरांव, उप जोन प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल, अविनाश जायसवाल, विनोद गोंड, ओमप्रकाश श्रीवास, परमानंद राठौर, उत्तम राठौर, राजेश साहू सहित अन्य राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने सभी बकायेदारों से अपील की है कि वे निगम को देय करों की बकाया राशि जल्द जमा करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर भुगतान नहीं होने से निगम को आर्थिक नुकसान होता है और शहर के विकास कार्य व नागरिक सुविधाओं पर भी असर पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि बकायेदारों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी