कोरबा निगम की सख्ती: बड़े बकायादार की संपत्ति सील, गंदगी व मलबा फैलाने पर जुर्माना
कोरबा, 30 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा ने बकाया कर वसूली और शहर की स्वच्छता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर आज सोमवार को वार्ड क्रमांक 05 गांधी चौक निवासी केदारनाथ गुप्ता की संपत्ति को 92 हजार 160 रुपये के बकाया संपत्तिकर के चलते सील कर दिया गया। निगम अमले ने स्पष्ट हिदायत दी है कि बकाया राशि तत्काल जमा कराई जाए, अन्यथा आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निगम प्रशासन के अनुसार, जिन करदाताओं द्वारा बार-बार नोटिस और वारंट जारी करने के बावजूद भी कर राशि जमा नहीं की जा रही है, उनके विरुद्ध लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कर बकाया रहने से निगम को आर्थिक नुकसान होता है और शहर के विकास कार्यों व नागरिक सुविधाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
इसी कार्रवाई के दौरान कोसाबाड़ी जोन में सड़क पर सी एंड डी वेस्ट (निर्माण मलबा) और भवन निर्माण सामग्री डंप करने वाले दो लोगों पर 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम ने संबंधित व्यक्तियों को मलबे के उचित निपटान के निर्देश भी दिए हैं।
वहीं, महाराणा प्रताप अटल आवास परिसर के पास खुले में कचरा फेंकने पर एक व्यक्ति पर 3 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। निगम के स्वच्छता विभाग ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहर के सभी करदाताओं से अपील की है कि वे बकाया करों का भुगतान समय पर करें। उन्होंने कहा कि नियमित कर भुगतान से शहर के विकास कार्यों को गति मिलती है और नागरिक सुविधाओं में सुधार होता है। साथ ही उन्होंने भवन निर्माताओं को भी निर्देशित किया कि वे निर्माण सामग्री और मलबा सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर न डालें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी