सहकारी समितियों के माध्यम से होगी कोदो, कुटकी व रागी फसलों की खरीद

 


बलौदाबाजार, 20 नवम्बर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित (मार्कफेड) एवं राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में लघु धान्य मिलेट्स श्रीअन्न (कोदो, कुटकी एवं रागी) का उपार्जन की प्रक्रिया धान उपार्जन हेतु अपनाई जाने वाली प्रचलित व्यवस्था राशि की व्यवस्था तथा उपार्जन मात्रा का सुरक्षित रख-रखाव एवं उठाव किया जायेगा।

जिले में उपार्जन केन्द्रों में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, बलौदाबाजार, सिंगारपुर, सिमगा एवं कसडोल का चयन किया गया है। कोदो, कुटकी एवं रागी के उपार्जन हेतु कृषकों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल पर होने तथा रकबा सत्यापन एग्रीस्टेक एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से होने की स्थिति में उपार्जन हेतु कृषकों की पात्रता निर्धारित करने तथा जिन क्षेत्रोें में रकबे की पुष्टि हेतु डीसीएस डाटा उपलब्ध नहीं है वहां संबंधित फसल रकबे का सत्यापन राजस्व विभाग द्वारा गिरदावरी के माध्यम से किये जाने को भी पात्रता निर्धारण हेतु मान्य की जायेगी।

खरीफ 2026 में उत्पादित लघु धान्य फसलों की उपार्जित मात्रा पूर्व वर्ष की भॉति कोदो-3.50 क्विंटल प्रति एकड़, कुटकी-2 क्विंटल प्रति एकड़ एवं रागी-3.50 क्विंटल प्रति एकड़ क्रय किया जायेगा। लघु धान्य मिलेट्स कोदो, कुटकी एवं रागी का उपार्जन की निर्धारित अवधि 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी, 2027 तक किया जायेगा।

उप संचालक कृषि, दीपक कुमार नायक ने किसानों से अपील की है कि कोदो, कुटकी एवं रागी उत्पादक किसान भाई एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से पंजीयन करायें तथा शासन से घोषित न्यूनतम् समर्थन मूल्य कोदो-3200 रुपये प्रति क्विंटल, कुटकी-3350 रुपये प्रति क्विंटल तथा रागी 5205 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन की जायेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर