जांजगीर जिला जेल का प्रधान जिला न्यायाधीश, कलेक्टर और बोर्ड ऑफ विजिटर्स ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की जांच
जांजगीर-चांपा, 19 सितम्बर (हि. स.)। जिला जेल जांजगीर-खोखरा में शनिवार को प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहअध्यक्ष जयदीप गर्ग, कलेक्टर जन्मेजय महोबे और बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता और जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
यह निरीक्षण माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा रिट पिटीशन (सिविल) सुकन्या संस्था बनाम यूनियन ऑफ इंडिया एवं अन्य में पारित आदेश के निर्देशों के अनुरूप किया गया। निरीक्षण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैंडन यार्क सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण दल ने जिला जेल में संचालित लीगल एड क्लिनिक की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही कानूनी सहायता, उनके प्रकरणों से जुड़ी समस्याओं और जरूरतमंद बंदियों को विधिक सहयोग देने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। बंदियों के परिजनों के लिए बनाए गए मुलाकाती हेल्प डेस्क और जेल में स्थापित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने जेल भवन, बैरकों के निर्माण और उनकी स्थिति, मुलाकात कक्ष, बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा शौचालयों की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही पेयजल की व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं और बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे कपड़ों की स्थिति की भी जानकारी ली गई।
जेल परिसर में रखी शिकायत पेटी, विभिन्न रजिस्टरों और अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बंदियों की शिकायतों, उनके मामलों में आने वाली परेशानियों और जेल की व्यवस्थाओं से संबंधित रिकॉर्ड की समीक्षा की। इसके अलावा जेल के भीतर तथा संबंधित रजिस्टरों में जाति आधारित भेदभाव से जुड़े किसी भी मामले की जानकारी भी ली गई।
निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन करना, उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना और विधिक सहायता सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना रहा।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक डी.डी. टोडर, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता लिलेश्वर प्रसाद रत्नाकर, पैरालीगल वालेंटियर जयराम गढ़ेवाल, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जेल प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT