राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में आगमन बस्तर संभाग के लिए गौरव का क्षण : महेश कश्यप

 


जगदलपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। रियासत कालीन बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर आगामी 23 अक्टूबर को देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जगदलपुर आगमन हो रहा है। बस्तर दशहरा के तहत आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 'मुरिया दरबार' में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हाेंगी।

बस्तर लोकसभा सांसद एवं दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने महामहिम राष्ट्रपति के इस प्रवास को पूरे बस्तरवासियों के लिए अत्यंत गर्व और ऐतिहासिक अवसर बताया है l सांसद महेश कश्यप ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति का यह दौरा बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान प्रदान करेगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को सुबह जगदलपुर आगमन के पश्चात सबसे पहले प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना कर बस्तर व प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना करेंगी। यहां वे बस्तर की पारंपरिक व्यवस्था के संवाहक मांझी चालकी समुदाय के लोगों एवं समाज प्रमुखों से मुलाकात करेंगी। मुरिया दरबार के पश्चात जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम एवं विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।

सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां मावली दंतेश्वरी को समर्पित बस्तर दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध जनजातीय आस्था,सामाजिक परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक हैl रियासत काल से चली आ रही 'मुरिया दरबार' की परंपरा में मांझी,मुखिया और जनजातीय समाज अपनी बातें एवं आवश्यकताएं रखते आए हैंl राजशाही समाप्त होने के बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी प्रशासनिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में यह परंपरा आज भी पूरी निष्ठा से जारी है।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले वर्ष इस ऐतिहासिक आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी की गरिमामयी उपस्थिति रही थी। अब देश की प्रथम नागरिक महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन बस्तर की लोक परंपराओं व संस्कृति को देश दुनिया में एक नया मुकाम देगा। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बस्तर जिला प्रशासन एवं दशहरा समिति द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे