बस्तर के 2000 आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषण के विरुद्ध महाभियान की तैयारी

 


जगदलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में कुपोषण के विरुद्ध जनचेतना जाग्रत करने और विकसित भारत 2047 के नागरिक संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से एक वृहद अभियान का शंखनाद होने जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का कार्ययोजना तैयार किया गया है।

इसके तहत जिले की सभी 09 बाल विकास परियोजनाओं के 75 सेक्टरों में 5 से 7 आंगनबाड़ी केंद्रों का क्लस्टर बनाकर आगामी 25 सितंबर से 06 अक्टूबर के मध्य तिथिवार एक दिवसीय आयोजनों की श्रृंखला संचालित की जाएगी, जिससे जिले के सभी 2000 आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल निर्मित होगा।

इस जन-अभियान में गर्भवती माताओं, महिलाओं और नन्हें बच्चों की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ समुदाय के बीच पौष्टिक व्यंजनों के निर्माण और मेरी पौष्टिक थाली का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापक जनसहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सभी केंद्रों में सामूहिक न्योता भोज का प्रबंध किया गया है, जहां बच्चे सुरुचिपूर्ण एवं पौष्टिक भोजन का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा बच्चों के बौद्धिक विकास के उद्देश्य से समाज के सहयोग से खिलौना बैंक की स्थापना की जा रही है, तो वहीं ताजी हरी सब्जियों की सुलभता के लिए पोषण वाटिकाओं के निर्माण के साथ घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा मुहिम को गति दी जाएगी।

आयोजन को उत्साहपूर्ण बनाने के लिए महिलाओं के मध्य मेंहदी, रंगोली व स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी, जिनमें फल और मिष्ठान वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम का एक अन्य गरिमामयी पहलू सजग माताओं की हौसला अफजाई करना होगा, जहां महतारी वंदन योजना की राशि का सदुपयोग अपने तथा बच्चों के पोषण स्तर को सुधारने में करने वाली माताओं को पोषण शक्ति सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट दायित्व निभाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिले के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, स्व-सहायता समूहों और पालकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी केंद्रों में पहुंचकर इस अभियान को सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे