रायपुर पश्चिम में राष्ट्रभक्ति और शिवभक्ति का दिखेगा विराट संगम, तिरंगा यात्रा एवं विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज
-तिरंगा राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक और कांवड़ हमारी सनातन आस्था की जीवंत परंपरा : राजेश मूणत
रायपुर 09 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रभक्ति के गौरव और सनातन आस्था की ऊर्जा से रायपुर पश्चिम को सराबोर करने वाले आगामी विशाल तिरंगा यात्रा एवं विशाल कांवड़ यात्रा के भव्य आयोजन को लेकर रविवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में दोनों आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत, भाजपा रायपुर जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर, जिला के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। एक ओर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकलने वाली तिरंगा यात्रा को राष्ट्रगौरव के विराट उत्सव का स्वरूप देने का संकल्प दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर विशाल कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, संस्कृति और जनभागीदारी का ऐतिहासिक आयोजन बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे सम्मान, समर्पण और कृतज्ञता की सार्वजनिक अभिव्यक्ति है। तिरंगे की प्रत्येक लहर हमें उन असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का स्मरण कराती है, जिन्होंने भारत माता की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा, “हमारा तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं है। यह भारत की आत्मा, हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों की सामूहिक चेतना का प्रतीक है। जब हजारों हाथों में एक साथ तिरंगा लहराता है, तब उसमें राष्ट्र की एकता और सामर्थ्य का विराट स्वरूप दिखाई देता है। हमारा प्रयास है कि रायपुर पश्चिम की तिरंगा यात्रा ऐसा ही ऐतिहासिक दृश्य प्रस्तुत करे।”
मूणत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि इस यात्रा को किसी संगठन अथवा सीमित समूह का कार्यक्रम न मानते हुए इसे जन-जन का राष्ट्रोत्सव बनाया जाए। समाज के प्रत्येक वर्ग, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठजनों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों तक पहुंचकर उन्हें इस गौरवपूर्ण आयोजन का सहभागी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम की सड़कों पर जब हजारों नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकलेंगे, तब पूरा वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग जाएगा।
विशाल कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए मूणत ने कहा कि सनातन संस्कृति में भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और कांवड़ यात्रा की परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की जीवंत अभिव्यक्ति है।
उन्होंने कहा कि रायपुर में निकलने वाली विशाल कांवड़ यात्रा में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। इस वर्ष भी इसे और अधिक सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल