अन्नदाता गर्जना रैली की तैयारी में जुटा भारतीय किसान संघ
धमतरी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। किसानों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर 27 अक्टूबर को नया रायपुर स्थित महानदी भवन के समक्ष प्रस्तावित अन्नदाता गर्जना रैली की तैयारी तेज हो गई है। इसे सफल बनाने के लिए भारतीय किसान संघ की बैठक रविवार को कुरूद कृषि उपज मंडी में आयोजित की गई, जिसमें धमतरी जिले के धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड ब्लाक के पदाधिकारियों ने शामिल होकर अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई।
बैठक में किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। इनमें गोवंदन योजना लागू करने, जी-राम जी योजना को गौ संरक्षण एवं संवर्धन से जोड़ने, वर्ष 2022-23 की धान खरीदी के बकाया 1700 करोड़ रुपये का तत्काल भुगतान करने तथा समर्थन मूल्य में वृद्धि का लाभ देते हुए 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने, प्रति तौल अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम की सीमा तय करने, बाढ़ से फसल क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा देने और टोकन व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई गई। किसानों पर दबाव डालकर बैंक खाते समर्पित कराने की प्रक्रिया बंद करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अधूरी सिंचाई परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, पैरी हाईडैम जैसी नई परियोजनाओं को स्वीकृति देने, खाद की अधिक कीमत पर बिक्री रोकने, भूमि अधिग्रहण में उदयपुर डिक्लेरेशन के अनुरूप कार्रवाई करने तथा मक्का और गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। भारतीय किसान संघ के धमतरी जिला अध्यक्ष लालाराम चंद्राकर ने किसानों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता जरूरी है। बैठक के बाद कृषि उद्यानिकी केंद्र भाटागांव में किसान संघ के पदाधिकारियों ने वृक्षारोपण भी किया।
बैठक में ललित सिंह, दुलार सिंह, विनय साहू, ठाकुर राम साहू, हेमेंद्र साहू, टोमन साहू, प्रदीप चंद्राकर, शत्रुघ्न साहू, तुमेन्द्र साहू, राजकुमार चंद्राकर, रामेश्वर सिंह, हीरालाल साहू, प्रदीप यादव, ओंकार चंद्राकर, लालाराम चंद्राकर, गजाधर यादव, सनी बैस, सेवक राम साहू, खिलावन चंद्राकर, संतराम साहू, डोमन साहू सहित विभिन्न तहसीलों के पदाधिकारी और किसान उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा