कांकेर में अस्पताल ले जाते समय नदी के बीच नाव में गर्भवती महिला की मौत
कांकेर, 19 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक के कंदाड़ी गांव की तीन माह की गर्भवती महिला की बुधवार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय कोटरी नदी के बीच नाव में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुलाता जाड़े के रूप में हुई है। घटना ने एक बार फिर नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को होने वाली कठिनाइयों को उजागर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कंदाड़ी गांव कोटरी नदी के पार बसा हुआ है, गांव तक पहुंचने के लिए ग्रामीण आज भी नाव का सहारा लेते हैं। नदी पर पुल नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में ग्रामीणों की परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है। बताया जा रहा है कि नदी के दूसरे किनारे वाहन महिला को अस्पताल ले जाने के लिए इंतजार कर रहा था, लेकिन वो जब तक उस पार पहुंचती उसकी माैत हाे चुकी थी। महिला की मौत का कारण मलेरिया है या कुछ और इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा। लेकिन परिजन पोस्टमार्टम नहीं करवना चाहते हैं।
कांकेर सीएमएचओ डॉ. आरसी. ठाकुर ने बताया कि महिला का छोटेबेठिया में मलेरिया का टेस्ट कराया गया था, उस वक्त रिपोर्ट निगेटिव आई थी। मौत का होना एक गंभीर बात है, इसकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम गांव गई है, टीम वापस आने के बाद स्पष्ट होगा क्या मामला है।
मृतका का पति रमेश जाड़े ने बताया कि इलाज करवाकर लाए थे, तबीयत और खराब हुई तो अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। इसके लिए मैं किसी को जिम्मेदार नहीं मानता। अब हम लोग पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे