प्रार्थना सभा विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, प्रशासन ने बुलाई बैठक
धमतरी, 28 सितंबर (हि.स.)। शहर के टिकरापारा वार्ड में रविवार को प्रार्थना सभा को लेकर हुए विवाद के बाद मामला सिटी कोतवाली पहुंच गया। रविवार रात एक संगठन और क्रिश्चियन फोरम से जुड़े लोग कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे। उनके साथ रायपुर से भी कुछ लोग आए थे। इसकी जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाइश देकर वापस रवाना किया गया।
सोमवार को जिला प्रशासन ने सर्व हिंदू समाज और हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी भावना पांडेय, एएसपी डीसी पटेल और एसडीएम पीयूष तिवारी की मौजूदगी में हुई बैठक में रविवार की घटना और आगे की व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। बैठक में प्रार्थना सभा में धमतरी के बाहर से आए लोगों की मौजूदगी का मुद्दा भी उठाया गया। हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने बाहर से आए लोगों के मामले में कार्रवाई की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई शांति समिति की बैठक में प्रार्थना सभा में केवल ईसाई समुदाय के लोगों के शामिल होने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद रविवार को आसपास के जिले और ब्लाक से लोग पहुंचे। संगठन ने इस मामले में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
हिंदू जागरण मंच के पुरुषोत्तम निषाद और चित्रेश साहू ने कहा कि प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि रायपुर से आए व्यक्ति और जिस मकान में प्रार्थना सभा आयोजित हुई, उससे जुड़े व्यक्ति के मामले में शनिवार तक कार्रवाई नहीं हुई तो नगर में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने रविवार की घटना को लेकर हिंदू समाज में नाराजगी की बात कही। बैठक में आगे की स्थिति पर नजर रखने और दोनों पक्षों से समन्वय के लिए समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई।
प्रशासन ने मामले में शांति बनाए रखने पर जोर दिया। इस बैठक में हिंदू जागरण मंच के प्रांत युवा प्रमुख दीपक सिंह ठाकुर, सर्व हिंदू समाज के अध्यक्ष महेश रोहरा, डा. हीरा महावर, अशोक पवार, महेंद्र पंडित, शुभांक मिश्रा, प्रतीक सोनी, लक्ष्मण साहू सहित समाज के प्रमुख लोग उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा