सूरजपुर : प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित

 

सूरजपुर, 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं सत्र 2026-27 के प्रवेश हेतु आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल विद्यार्थी अब विभागीय वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं।

प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए 10 मई 2026 को प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद निर्धारित प्रावधानों के अनुसार पात्र आवेदकों का परीक्षण कर परिणाम जारी किया गया है।

आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयनित विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। साथ ही काउंसलिंग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को अपना रोल नंबर एवं मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। काउंसलिंग प्रक्रिया तथा प्रवेश संबंधी अन्य आवश्यक सूचनाएं भी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग सूरजपुर ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से विभागीय वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहने की अपील की है, ताकि काउंसलिंग एवं प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर प्राप्त हो सकें और किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के तहत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय