प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से कौशल्या की रसोई हुई धुआंमुक्त, आसान हुआ रोजमर्रा का जीवन

 


कोरबा, 27 अगस्त (हि. स.)। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने कोरबा जिले के ग्राम दादर खुर्द निवासी श्रीमती कौशल्या यादव की रसोई को धुआंमुक्त कर उनके रोजमर्रा के जीवन को आसान बना दिया है। करीब एक वर्ष पहले योजना के तहत गैस कनेक्शन मिलने के बाद उन्हें लकड़ी, कोयले और सिगड़ी से खाना बनाने की परेशानी से राहत मिली है।

कौशल्या यादव बताती हैं कि गैस कनेक्शन मिलने से पहले उनके घर में खाना बनाने के लिए सिगड़ी, लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल होता था। इससे रसोई में धुआं भर जाता था और चूल्हा जलाने के साथ ईंधन की व्यवस्था करने में भी काफी समय और मेहनत लगती थी।

गैस कनेक्शन मिलने के बाद अब कम समय में खाना तैयार हो जाता है। उन्हें लकड़ी और कोयले की व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे रसोई का काम पहले की तुलना में काफी सहज हो गया है। बचा हुआ समय वह परिवार के अन्य जरूरी कामों में लगा पा रही हैं।

कौशल्या यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले सिगड़ी, लकड़ी और कोयले से खाना बनाने में काफी मेहनत लगती थी और रसोई में धुआं भी रहता था। गैस कनेक्शन मिलने के बाद खाना बनाना आसान हुआ है और समय की भी बचत हो रही है।

उन्होंने कहा कि “विष्णु भैया ने हमारे बारे में सोचा और हमें गैस कनेक्शन देकर हमारा ख्याल रखा। हमारे जैसे परिवारों के लिए यह बहुत बड़ी सुविधा है। इसके लिए मैं विष्णु भैया का दिल से धन्यवाद करती हूं।”

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत स्वच्छ ईंधन की सुविधा ने कौशल्या यादव के परिवार की रसोई से जुड़ी पुरानी परेशानियों को कम किया है। उनके लिए यह गैस कनेक्शन महज सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने वाला महत्वपूर्ण बदलाव साबित हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी