रायपुर : कलेक्टर ने ली प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक

 


लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

रायपुर, 03 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में योजना की प्रगति में तेजी लाने के उद्देश्य से संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारियों की बैठक लेकर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना अंतर्गत विभागवार एवं बैंकवार प्रगति, प्राप्त आवेदनों, लंबित प्रकरणों तथा स्वीकृत एवं निराकृत प्रकरणों की समीक्षा की गई। योजना की अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए। बैंक स्तर पर अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखें तथा पात्र आवेदनों में आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए।

साथ ही सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार योजना से जुड़ सकें। विभागीय मैदानी अमले, शिविरों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों के माध्यम से योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर देने को कहा गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एलडीएम मोहम्मद मोफिज सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर