प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली राहत, शून्य हुआ बिजली बिल
जांजगीर-चांपा 24 जुलाई (हि. स.)। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने जिले में आम नागरिकों के जीवन को नई दिशा दी है। अब लोग अपने घर की छतों पर सौर ऊर्जा से बिजली बनाकर न सिर्फ घरेलू जरूरतें पूरी कर रहे हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर आय का साधन भी बना रहे हैं। इस योजना ने उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का बोझ कम कर आर्थिक बचत और पर्यावरण संरक्षण दोनों का मार्ग प्रशस्त किया है।
जिला मुख्यालय जांजगीर निवासी होमेश्वर प्रसाद जायसवाल प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों में से एक हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित किया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78,000 रुपये तथा राज्य सरकार से 30,000 रुपये की सब्सिडी मिली है।
जायसवाल बताते हैं कि पहले हर महीने उनका बिजली बिल 3 से 4 हजार रुपये तक आता था, जिससे परिवार का मासिक बजट प्रभावित होता था। लेकिन सोलर सिस्टम लगने के बाद से उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है, जिससे हर महीने हजारों रुपये की बचत हो रही है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सब्सिडी के साथ कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। होमेश्वर प्रसाद जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी इस योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा अपनाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT