जिले में दौड़ने लगी पुलिस की हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहन, मिलेगी त्चरित सहायता

 


धमतरी, 20 मई (हि.स.)। पुलिस लाईन रूद्री- धमतरी में बुधवार काे एक कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर हाईटेक डायल-112 एवं ईआरवी वाहनों को जिले के निर्धारित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया, जो अब सड़कों पर सायरन बजाते हुए दौड़ रही है। लोगों को अब उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस सहायता मिलेगी।

धमतरी पुलिस विभाग के अनुसार 10 थाना क्षेत्रों के लिए जिले को कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहन मिला है। शुभारंभ के बाद यह वाहन अब संबंधित थाना क्षेत्रों के सड़कों पर दौड़ना शुरू हो चुका है। इन वाहनों के शुरू होने से रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचकर लोगों को सेवा की सुविधा उपलब्ध कराएगी और कार्रवाई भी की जाएगी। जिले के 10 थाना क्षेत्रों एवं एक डायल 112 आफिस में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

पुलिस के अनुसार शहरी क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अत्याधुनिक सेवा के माध्यम से दुर्घटना, अपराध एवं अन्य आपात परिस्थितियों में पीड़ितों तक शीघ्र पहुंचकर तत्काल राहत एवं सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा