सुकमा पुलिस ने ओडिशा से लाया जा रहा 64.50 क्विंटल धान किया जब्त

 


सुकमा, 16 नवंबर (हि.स.)।सुकमा जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होते ही जिले में अवैध धान के परिवहन और बिचौलियों के कारोबार पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धान के अवैध भंडारण पर कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने भी मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में सुकमा पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा में अवैध रूप से लाए जा रहे 64.50 क्विंटल धान के साथ दो पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 01 लाख 99 हजार 950 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं एसडीओपी मनीष कुंवर के पर्यवेक्षण में 16 नवंबर को थाना छिंदगढ़ क्षेत्र के सीमावर्ती चेकपोस्ट कोडरीपाल और गंजेनार में संयुक्त जांच दल द्वारा वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। वाहन जांच के दौरान दोपहर करीब 01 बजे ग्राम कस्तूरी के पास ओडिशा से आ रही पिकअप क्रमांक ओडी-30-ई-5736 को रोककर जांच की गई। वाहन में 50-50 किलो के 69 बोरों में कुल 34.50 क्विंटल धान लोड मिला। पुलिस ने वाहन चालक रोशन भूतड़ा (23 वर्ष), निवासी पदमगिरी, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) से धान के परिवहन एवं विक्रय से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद 01 लाख 06 हजार 950 रुपये कीमत का धान और पिकअप वाहन जब्त कर लिया गया।

पहली कार्रवाई के करीब आधे घंटे बाद दोपहर 1:30 बजे ग्राम गंजेनार के पास दूसरी पिकअप क्रमांक ओआर-10-एफ-5051 को जांच के लिए रोका गया। इसमें 50 किलो के 60 बोरों में कुल 30 क्विंटल धान मिला। वाहन चालक पूर्णचन्द्र नायक (35 वर्ष), निवासी पदमगिरी, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) भी धान के परिवहन और विक्रय से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने 93 हजार रुपये कीमत के धान सहित वाहन को जब्त कर लिया।

पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 129 बोरा यानी 6,450 किलोग्राम (64.50 क्विंटल) धान जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 01 लाख 99 हजार 950 रुपये है। दोनों पिकअप वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। थाना छिंदगढ़ में दोनों मामलों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत इस्तगासा तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी, तहसील कार्यालय छिंदगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छिंदगढ़ आशीष वासनिक एवं पुलिस स्टाफ का याेगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे