चान्दो पुलिस ने पांच भैंसों को बूचड़खाने ले जाने से बचाया, दो आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चान्दो थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन से पांच जीवित और एक मृत भैंस बरामद की है। मवेशियों को झारखंड के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो वाहन सहित कुल 12 लाख 27 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर की सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि सामरी की ओर से एक पिकअप वाहन में भैंसों को भरकर क्रूरतापूर्वक झारखंड के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार नेताम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंठीघाट तीनमोड़वा, ग्राम मगाजी मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
इस दौरान पिकअप वाहन में पांच जीवित और एक मृत भैंस मिली। पिकअप में सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जबकि मवेशियों की पायलटिंग कर रही अर्टिगा कार क्रमांक CG 16 CR 1658 में सवार नौशाद अंसारी (25 वर्ष), निवासी मानपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा और समसीर अंसारी (21 वर्ष), निवासी मोमीनपुर, थाना रंका, जिला गढ़वा को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने पांच जीवित और एक मृत भैंस, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 27 हजार रुपये बताई गई है, के साथ पिकअप वाहन क्रमांक JH 03 AJ 8202 (कीमत 5 लाख रुपये) और अर्टिगा कार (कीमत 6 लाख रुपये) जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 12 लाख 27 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपितों को 15 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मवेशियों को बूचड़खाने ले जाने से बचाया। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नेताम, सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, गिरीश सहाय तथा आरक्षक संदीप, अंकित जायसवाल, मुकेश सिदार, संतोष तिग्गा, विजय यादव और मदनेश कुमार की भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय