दो कबाड़ी दुकानों पर पुलिस की दबिश, भारी मात्रा में लोहा-टीन जब्त

 


धमतरी, 29 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रविवार काे सिटी कोतवाली और अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कबाड़ी दुकानों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में संदिग्ध लोहा-टीन जब्त किया है।

पहली कार्रवाई में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रतन कॉलोनी दानीटोला स्थित एक कबाड़ी दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान लोहे के एंगल, पाइप, जाली और राइस मिल से संबंधित लोहा सहित कुल 620 किलोग्राम सामग्री बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है। दुकान संचालक नविद परवेज से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने संदेह के आधार पर सामग्री जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया।

दूसरी कार्रवाई अर्जुनी थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम कोलियारी बाजार चौक के पास स्थित कबाड़ी दुकान में दबिश दी गई। यहां तलाशी के दौरान लोहे व टीन के छड़, राड़, एंगल और पाइप भारी मात्रा में मिले। दुकान में मौजूद दर्शन सिंह ध्रुव भी सामग्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। धर्मकांटा में तौल कराने पर जब्त सामग्री का वजन 810 किलोग्राम और कीमत करीब 24,300 रुपये आंकी गई। दोनों कार्रवाइयों में कुल 1430 किलोग्राम संदिग्ध लोहा-टीन जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त सामग्री के वैध स्वामित्व की जांच की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा