पुलिस ने 17 सितंबर को दीपोत्सव को लेकर यातायात व्यवस्था में किया बदलाव

 


जगदलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने 17 सितंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव को लेकर बस्तर पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कार्यक्रम के दौरान यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक निर्धारित मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, मीडिया और अधिकारियों के वाहनों के लिए दंतेश्वरी मंदिर के सामने टाउन हॉल मैदान में पार्किंग व्यवस्था रहेगी। आम जनता के चारपहिया वाहनों के लिए रजवाड़ा मैदान और दोपहिया वाहनों के लिए पुराना कोर्ट स्थल निर्धारित किया गया है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की अपील की है।

दीपोत्सव के दौरान दंतेश्वरी मंदिर से गुरूनानक चौक, सिरहासार चौक, यामाहा शो रूम और पुराने जनपद कार्यालय कटिंग तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों को जाम से बचने के लिए समुंद चौक, अनुपमा चौक, अग्रसेन चौक, गुरु गोविंद सिंह चौक, चांदनी चौक और पुराने पुल सहित अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा कर कार्यक्रम स्थल तक पैदल जाने और पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड एवं डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे