अम्बिकापुर : पुलिस और व्यापारियों की साझा पहल से अभूतपूर्व ढंग से बदलेगी शहर की सुरक्षा व्यवस्था
अम्बिकापुर, 26 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने, आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था में व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरगुजा पुलिस ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल की है।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में चैम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों, आभूषण विक्रेताओं और प्रमुख व्यापारिक संस्थान के संचालकों की एक संयुक्त आपात बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों एवं नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में हुई इस बैठक में शहर की सुरक्षा प्रणाली को हाईटेक और अभेद्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों पर आम सहमति बनी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापारियों को सुरक्षा से जुड़े कड़े मापदंड अपनाने के निर्देश दिए गए। इसके तहत सभी बड़े व्यावसायिक संस्थानों के प्रवेश द्वार और सामने के हिस्से में उच्च गुणवत्ता (हाई फ्रीक्वेंसी) के सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी टाइमिंग दुरुस्त रखने और अधिकतम दिनों का मेमोरी स्टोरेज रखने पर सहमति बनी। साथ ही, जनसहयोग से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुराने कैमरों के रखरखाव (संधारण) को लेकर रूपरेखा तैयार की गई। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों में आने वाले ऐसे ग्राहकों पर विशेष नजर रखें जो चेहरा ढककर, हेलमेट लगाकर या मास्क पहनकर बैठते हैं। इसके अलावा, बड़ी धनराशि या सोने-चांदी के परिवहन के समय विशेष सतर्कता बरतने और पीछा करने वाले संदिग्धों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
सुरक्षा के आपातकालीन उपायों को मजबूत करते हुए सभी संस्थानों में 'इमरजेंसी अलार्म सिस्टम' लगाने और दिन-रात तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्डों के पास नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम व फायर ब्रिगेड के नंबर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है। आंतरिक सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए प्रतिष्ठानों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस वेरिफिकेशन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में व्यापारियों ने पुलिस की इस मुहिम की सराहना करते हुए शहर की सुरक्षा में हर संभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। इस महत्वपूर्ण बैठक में चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों और आभूषण कारोबारियों के साथ-साथ साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह