अवैध दवा बिक्री पर पुलिस सख्त, दवा संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक

 


रायपुर, 11 अगस्त (हि. स.)। शहर में बिना डॉक्टर की पर्ची के शेड्यूल एच-1 और अन्य नियंत्रित एवं मनोचिकित्सकीय दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस ने मंगलवार को दवा संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की अध्यक्षता में पुराने पुलिस मुख्यालय स्थित कार्यालय में हुई।

बैठक में पुलिस उपायुक्त ने दवा कारोबारियों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेड्यूल एच-1 और मनोचिकित्सकीय दवाइयां बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के नहीं बेची जानी चाहिए। ऐसी दवाइयों का गलत इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता है, जिसका युवाओं और समाज पर बुरा असर पड़ता है।

पुलिस ने दवा दुकान संचालकों से दवाइयों की बिक्री का आवश्यक रिकॉर्ड रखने और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को देने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि, नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर दवा संघ के पदाधिकारियों ने पुलिस की पहल का स्वागत करते हुए अवैध दवा बिक्री रोकने में सहयोग का भरोसा दिलाया। संघ अपने स्तर पर भी दवा दुकानदारों को नियमों के प्रति जागरूक करेगा।

बैठक में पुलिस और दवा व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान पर भी चर्चा हुई। साथ ही शहर के सभी दवा दुकान संचालकों के साथ आगामी दिनों में बड़े स्तर पर जागरूकता एवं समन्वय सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी।

बैठक में मेडिकल एसोसिएशन जिला रायपुर के अध्यक्ष विनय कृपलानी, सचिव संजय रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्विनी विग, उपाध्यक्ष आशीष कुमार, कोषाध्यक्ष नीतेश जैन, सह-सचिव मनीष सोनी, दीपक लालवानी और वरुण चिमनानी सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। पुलिस की ओर से सहायक पुलिस आयुक्त संजय सिंह, नरेश पटेल और प्रभारी एसीसीयू निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार भी बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर