जगदलपुर  : पुलिस ने शहर में देर रात चलाया विशेष अभियान, नशाखोरी और असामाजिक तत्वों पर हुई कार्यवाही

 


जगदलपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। बस्तर जिले की पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात विशेष अभियान चलाया। इस संयुक्त कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर थाना कोतवाली और बोधघाट पुलिस की टीम ने ब्लैक पैंथर दस्ता के साथ आउटर कॉलोनियों में सघन पेट्रोलिंग शुरू की। अभियान में 8 मोटर साइकिलों पर सवार 16 जवान शामिल थे, जिन्होंने अल सुबह तक विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी और जांच की। टीम ने कॉलोनियों के साथ स्कूल-कॉलेज मैदानों, गलियों और प्रमुख चौराहों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। गांजा सेवन करने वालों पर भी नियमानुसार कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटर साइकिलों की जांच कर संबंधित चालकों पर भी नियमों के तहत कदम उठाए गए। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछ-ताछ कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया गय। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशाखोरी, असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे