सूरजपुर पुलिस ने ली नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ, जवानों ने नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने लिया संकल्प

 


सूरजपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।सूरजपुर में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय नशा विरोधी शपथ ली। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ शपथ दिलाई। इस दौरान नशे से दूर रहने और समाज में इसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

शपथ के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने के साथ युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रण लिया। पुलिसकर्मियों ने समाज में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने की बात कही।

जिला मुख्यालय के अलावा जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में भी संबंधित प्रभारियों ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की राष्ट्रीय शपथ दिलाई।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ उसके परिवार और पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल पुलिस कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके लिए जनजागरूकता और सामूहिक सहभागिता भी जरूरी है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों से आम लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पुलिस विभाग की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ जागरूकता गतिविधियों को भी जारी रखने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय