जन्माष्टमी-गणेशोत्सव को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी

 


धमतरी, 01 सितंबर (हि.स.)। आगामी जन्माष्टमी एवं गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को कलेक्टर अबिनास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के नेतृत्व में जिला मुख्यालय एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन और पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्नाबांधा, मकई चौक, सदर बाजार सहित प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील इलाकों से गुजरा। इसके बाद विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से सिहावा चौक, अर्जुनी चौक, भखारा रोड बाईपास होते हुए मुजगहन, लोहरसी से रत्नाबांधा रोड में फ्लैग मार्च का समापन हुआ। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई।

कलेक्टर एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि, त्योहारों के दौरान अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, छेड़छाड़, मारपीट, हुड़दंग तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, उपद्रवी तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पेट्रोलिंग, नाकाबंदी, वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तेज कर दी गई है। प्रमुख मार्गों और प्रवेश-निकास मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर रैंडम चेकिंग की जा रही है। अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के दौरान शहर एवं जिले में सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, रैंडम चेकिंग, पैदल पेट्रोलिंग एवं मोबाइल पेट्रोलिंग को मजबूत किया गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। प्रशासन एवं पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि त्योहारों को शांति, सौहार्द, भाईचारे एवं आपसी सहयोग के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस हेल्पलाइन 100/112 तथा धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 94791-92299 पर सूचना दी जा सकती है।

पुलिस ने संदेश दिया है कि त्योहार खुशियों का है, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का नहीं। फ्लैग मार्च के दौरान डीएफओ कृष्ण जाधव, एएसपी डीसी पटेल, एएसपी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, संयुक्त कलेक्टर इंदिरा देहारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीएम पियुष तिवारी, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, तहसीलदार कुश प्रधान, रक्षित निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा