करही गोलीकांड : गांव में विशेष पुलिस कैंप, आरोपिताें की तलाश में सघन अभियान

 




जांजगीर-चांपा, 25 अप्रैल (हि. स.)। जिले के थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित और व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में मामले की जांच को तेज किया गया है और आरोपिताें की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई है।

घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आज शनिवार को विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई हैं। इसी कड़ी में ग्राम करही में विशेष पुलिस कैंप स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा सके और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।

पुलिस कैंप के जरिए गांव और आसपास के इलाकों में लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ-साथ आने-जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि आरोपियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपिताें की पहचान सुनिश्चित करने और उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT