पामगढ़ में छह लीटर अवैध शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार

 


जांजगीर-चांपा, 28 सितम्बर (हि. स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आज साेमवार काे उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पामगढ़ पुलिस को अवैध कच्ची महुआ शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डोंगाकोहरौद क्षेत्र में रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रामसागर बंजारे (40 वर्ष), निवासी डोंगाकोहरौद, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1,200 रुपये बताई गई है।

शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT