कोरबा में हाईवे पर खड़े सात ट्रेलरों पर पुलिस की कार्रवाई, सड़क जाम और हादसों पर लगाम के लिए अभियान
कोरबा, 11 मई (हि. स.)। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-130 और मेन रोड हाईवे पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ट्रेलर वाहनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए आज सोमवार को कोरबा पुलिस ने सात ट्रेलर चालकों पर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह भारी वाहन खड़े किए जाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना पाली पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष कार्रवाई की।
पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि सरायपाली बुडबुड खदान क्षेत्र में कोयला लोडिंग के लिए आने वाले ट्रेलर वाहन एनएच-130 और मेन रोड हाईवे पर बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे हैं। इससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन रही थी और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 10 मई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े 7 ट्रेलर वाहनों को चिन्हित किया गया। सभी ट्रेलर चालकों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे सार्वजनिक मार्ग और हाईवे पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें तथा केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
पाली पुलिस ने खदान प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को भी पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस का “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क हादसों को रोकने की दिशा में लगातार सक्रिय नजर आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी