सूरजपुर : अपूर्ण पीएम आवास के हितग्राहियों को आरआरसी नोटिस, समय पर जवाब नहीं देने पर होगी वसूली

 


सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)।प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत वर्ष 2020 से पहले स्वीकृत लेकिन अब तक अधूरे पड़े आवासों के मामलों में आज बुधवार नगर पालिका परिषद सूरजपुर ने रिकवरी (आरआरसी) नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। नोटिस उन हितग्राहियों को भेजे जा रहे हैं, जिन्होंने शासन से राशि प्राप्त करने के बावजूद निर्धारित समय में आवास निर्माण पूरा नहीं किया।

नगर पालिका परिषद ने संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि नोटिस मिलने के बाद निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करें या आवास निर्माण पूरा कर उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेज परिषद में जमा करें।

परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि हितग्राही तय समय में जवाब नहीं देते या निर्माण कार्य पूरा नहीं करते हैं, तो शासन के प्रचलित नियमों के तहत आरआरसी (राजस्व वसूली प्रमाण-पत्र) जारी कर राशि की वसूली की कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका परिषद ने हितग्राहियों से समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि उन्हें वसूली की प्रक्रिया का सामना न करना पड़े। परिषद ने कहा कि योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए कर समय पर आवास निर्माण पूरा करना प्रत्येक हितग्राही की जिम्मेदारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय