सूरजपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना में तेजी लाने जिलास्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त

 

सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के लिए आज बुधवार को कलेक्टर रेना जमील ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। यह अधिकारी आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे और जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेंगे।

कलेक्टर कार्यालय के आदेश के अनुसार, नोडल अधिकारी स्वीकृत आवासों का नियमित निरीक्षण करेंगे तथा अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा कराने के लिए आवश्यक समन्वय करेंगे। निर्माण के दौरान सामग्री, श्रमिक या तकनीकी समस्याओं का भी मौके पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

आदेश के तहत प्रतापपुर जनपद के लिए उप संचालक (पंचायत) विक्रम बहादुर, सूरजपुर के लिए सहायक परियोजना अधिकारी डॉ. कृष्ण मोहन पाठक, भैयाथान के लिए जिला समन्वयक (पीएमएवाय-जी) दीपक साहू, प्रेमनगर के लिए डीपीएम (आरजीएसए) शशि सिन्हा, ओडगी के लिए आवास समन्वयक (पीएमएवाय-जी) सुजित देव पाण्डेय तथा रामानुजनगर के लिए सहायक अभियंता (पीएमएवाय-जी) मानसी द्विवेदी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी होगी। इसमें पूर्ण, निर्माणाधीन और अप्रारंभ आवासों की संख्या के साथ हितग्राहियों की अनुपस्थिति, श्रमिक या निर्माण सामग्री की कमी, मनरेगा मजदूरी और किस्त भुगतान से जुड़ी समस्याओं का भी उल्लेख करना होगा।

जिला प्रशासन ने हितग्राहियों से समय पर आवास निर्माण पूरा करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरतने वाले हितग्राहियों की एसडीएम कार्यालय में नियमित पेशी कराई जा रही है और उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय