जांजगीर-चांपा में पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 08 सितम्बर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार एवं परामर्शदात्री समिति की त्रैमासिक बैठक लेकर जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं, अटल पेंशन योजना समेत रोजगारमूलक और स्वरोजगार योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में ऋण बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने बैंक अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों के लंबित ऋण प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों और बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है और इसका अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग और बैंक अधिकारी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में आजीविका एवं लोन मेले आयोजित करने को कहा। इन मेलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार और विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल और तेज करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने विभागवार और बैंकवार समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को आजीविका एवं लोन मेलों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने ऋण प्रकरणों की शीघ्र स्वीकृति, सहायता एवं ऋण राशि का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि पात्र हितग्रियों की अधिकतम सहभागिता हो सके।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इन योजनाओं से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके। इसके लिए ग्राम स्तर तक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अटल पेंशन योजना की भी बैंकवार समीक्षा की और पात्र लोगों का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के विस्तार के लिए बैंक सखी के माध्यम से कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न रोजगारमूलक और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र प्रकरणों में शत-प्रतिशत स्वीकृति सुनिश्चित करने तथा सहायता और ऋण राशि का समय पर वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से अधिक से अधिक हितग्राहियों को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका को मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में एलडीओ अविनाश टोप्पो, लीड बैंक अधिकारी राजेश नायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT