प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से कुंदन गुप्ता के घर की बिजली जरूरतें सौर ऊर्जा से पूरी

 


बलरामपुर, 29 सितंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के परिवारों को बिजली खर्च में बचत के साथ सौर ऊर्जा अपनाने का अवसर दे रही है। बलरामपुर निवासी कुंदन गुप्ता के घर पर सोलर पैनल लगने के बाद उनकी बिजली की जरूरतें काफी हद तक सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं और बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।

कुंदन गुप्ता के अनुसार, पहले उनके घर का बिजली बिल हर माह करीब 2 हजार रुपये आता था। योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने के बाद अब उन्हें बिजली बिल में बड़ी राहत मिली है। इससे सालाना करीब 24 हजार रुपये की बचत हो रही है, जिसे परिवार की अन्य जरूरतों में खर्च किया जा रहा है।

उनके घर में सौर ऊर्जा से जरूरत पूरी होने के बाद बची बिजली ग्रिड के माध्यम से विद्युत विभाग को भेजी जा रही है। इससे परिवार बिजली का उपयोग करने के साथ अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान दे रहा है।

कुंदन गुप्ता ने योजना के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए जिले के लोगों से सौर ऊर्जा को अपनाने की अपील की। योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलने से बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय