पीएम श्री स्कूलों में संगीत प्रशिक्षक के पद पर भर्ती

 

बलरामपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के 6 विकासखंडों में संचालित 11 पीएम श्री विद्यालयों में अंशकालिक संगीत प्रशिक्षक के पद के लिए योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 21 सितंबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

संगीत प्रशिक्षक की जरूरत राजपुर, शंकरगढ़, रामचन्द्रपुर, कुसमी, वाड्रफनगर और बलरामपुर विकासखंड के चयनित विद्यालयों में है। चयनित प्रशिक्षकों की सेवाएं 31 मार्च 2027 तक ली जाएंगी। इसके बाद सेवा स्वतः समाप्त मानी जाएगी।

पद के लिए न्यूनतम योग्यता स्नातक शारीरिक शिक्षा डिग्री अथवा संगीत से संबंधित विषय में स्नातक निर्धारित की गई है। संबंधित विकासखंड के योग्य अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी अपना लिखित आवेदन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और जीवित रोजगार पंजीयन सहित जरूरी दस्तावेजों के साथ 21 सितंबर को शाम 5:30 बजे तक जिला परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा बलरामपुर में जमा कर सकते हैं। आवेदन स्वयं अथवा पंजीकृत डाक से भेजा जा सकता है।

निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला परियोजना कार्यालय अथवा एपीसी शिवकुमार उपाध्याय के मोबाइल नंबर 9111877272 और 9713749988 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय