प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा संकल्प से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति करेगी राष्ट्र निर्माण : राहुल टिकरिहा
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने की ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ की घोषणा
रायपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, निरंतर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर देश की युवा शक्ति सेवा और समाज निर्माण के कार्यों से जुड़ेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा’ निकाली जाएगी।
रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में टिकरिहा ने यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यात्रा एक साथ दो दिशाओं में शुरू होगी। एक दल वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और दूसरा वाराणसी से वडनगर के लिए रवाना होगा। देशभर के लगभग एक हजार युवा ‘सेवा यात्री’ इस अभियान में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा 18 राजस्व तथा 21 संगठन जिलों से होकर निकलेगी। यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े लगभग 25 प्रकार के सेवा कार्य किए जाएंगे।
टिकरिहा ने कहा कि यात्रा के 20 मार्गों का नाम देश की प्रमुख नदियों के नाम पर रखा गया है। वडनगर से निकलने वाले सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे, जबकि वाराणसी से चलने वाले यात्री उत्तर प्रदेश की पावन नदियों का जल लेकर वडनगर स्थित श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर सेवा यात्रियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि स्वच्छता अभियान और श्रमदान के माध्यम से किया जाएगा। स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ता दो दिन पहले से ही संबंधित स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह यात्रा युवाओं में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना को और मजबूत करेगी।
पत्रकार वार्ता में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष अमन प्रताप, प्रदेश मंत्री विशाल पांडेय, मीडिया प्रभारी वासु शर्मा, जिला अध्यक्ष अर्पित सूर्यवंशी तथा दीक्षा अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल