बलरामपुर : पीएम-जनमन सड़क की मरम्मत, आवागमन बहाल

 

बलरामपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। पीएम-जनमन योजना के तहत निर्मित घटगांव चौक-आरा कुंदी मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कर आज शुक्रवार काे आवागमन सुचारु कर दिया गया। विभाग ने बताया कि सुरक्षा संबंधी कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

ग्रामीण विकास अभिकरण के कार्यपालन अभियंता के अनुसार यह सड़क पीएम-जनमन योजना के तहत बनाई गई थी, जिसका निर्माण 19 मार्च 2025 को पूरा हुआ था। सड़क का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप किया गया था तथा निर्माण के दौरान नियमित निरीक्षण भी किया गया।

अधिकारी ने बताया कि सड़क के पास स्थित 20 वर्ष से अधिक पुरानी पुलिया का निर्माण किसी अन्य एजेंसी द्वारा कराया गया था। हाल की बारिश के दौरान पानी का बहाव बाधित होने से पुलिया का विंगवाल दबाव नहीं झेल सका और क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते तेज बहाव से पुलिया के पास सड़क के शोल्डर और मिट्टी का कटाव हुआ, जिससे सड़क का एक हिस्सा भी प्रभावित हुआ।

विभाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय