पक्के घर ने बदली सुनीता देवी की जिंदगी

 


प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली सुरक्षित छत, बारिश में टपकती छत की परेशानी हुई दूर

बलरामपुर, 18 सितंबर (हि.स.)।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिलने के बाद रामचंद्रपुर जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत नेहरूनगर की सुनीता देवी के जीवन में बदलाव आया है। पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रहीं सुनीता देवी लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकने के कारण उन्हें काफी परेशानी होती थी।

वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुनीता देवी को एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि के साथ 90 दिवस की मनरेगा मजदूरी स्वीकृत हुई। इस सहायता से उन्होंने अपना पक्का मकान पूरा कराया। अब वे अपने नए घर में सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से रह रही हैं।

सुनीता देवी ने बताया कि पक्का मकान मिलने से बारिश के दिनों की सबसे बड़ी परेशानी दूर हो गई है। पहले कच्चे घर की छत से पानी टपकने के कारण घर के सामान और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। अब पक्की छत मिलने से उन्हें राहत मिली है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। सुनीता देवी का मामला भी इसी क्रम में योजना से मिले लाभ और उसके बाद जीवन में आए बदलाव को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय