महीनों से अटकी पीएम आवास योजना की राशि, 12,437 हितग्राहियों को 37.46 करोड़ रुपये का इंतजार

 


धमतरी, 12 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना में उत्कृष्ट कार्य के कारण प्रदेशभर में पहचान बना चुके धमतरी जिले में हजारों हितग्राही इन दिनों अपनी लंबित किश्तों की राशि का इंतजार कर रहे हैं। जिले के 12,437 हितग्राहियों को योजना के तहत कुल 37 करोड़ 46 लाख रुपये प्राप्त होना है, लेकिन महीनों से राशि अटकी होने के कारण आवास निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है।

कई हितग्राहियों का कहना है कि निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जबकि अनेक लोगों ने आर्थिक तंगी के चलते कर्ज लेकर या अपने जेवरात बेचकर मकान निर्माण शुरू कराया है। ऐसे में सभी की निगाहें अब लंबित किश्तों के भुगतान पर टिकी हुई हैं, ताकि उनके पक्के घर का सपना जल्द पूरा हो सके।

जिला पंचायत में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना विभाग से शुक्रवार काे मिली जानकारी के अनुसार जिले में 626 हितग्राहियों को प्रथम किश्त के रूप में मिलने वाली 40-40 हजार रुपये की राशि अब तक नहीं मिली है, जिसके लिए कुल दाे करोड़ 50 लाख रुपये की आवश्यकता है। वहीं 1,811 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त के रूप में 55-55 हजार रुपये की राशि मिलनी है, जिसके लिए लगभग नाै करोड़ 96 लाख रुपये लंबित हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे हितग्राही भी हैं जिनके आवास लगभग तैयार हो चुके हैं, लेकिन उन्हें तृतीय किश्त की राशि नहीं मिली है। इस मद में करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान होना शेष है।

कुल मिलाकर जिले के 12,437 हितग्राहियों का 37 करोड़ 46 लाख रुपये शासन स्तर पर लंबित है। राशि नहीं मिलने से हितग्राही बार-बार बैंकों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं और अपने खातों की जांच कर रहे हैं, लेकिन भुगतान नहीं होने से उन्हें निराशा हाथ लग रही है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के लिए केंद्र सरकार से राज्य सरकार को राशि आबंटित की जा चुकी है और जल्द ही यह राशि हितग्राहियों के खातों में जमा कर दी जाएगी। भुगतान होते ही जिले में हजारों अधूरे आवासों का निर्माण कार्य गति पकड़ेगा और जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा