बलरामपुर : प्रधानमंत्री आवास योजना से महिपाल का पक्के घर का सपना हुआ साकार
बलरामपुर, 22 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पक्की छत उपलब्ध हो रही है, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक बन रहा है। जिले में भी इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से हजारों परिवार लाभान्वित हुए हैं।
विकासखंड कुसमी के ग्राम पंचायत सेमरा निवासी महिपाल पैकरा भी ऐसे ही लाभार्थियों में शामिल हैं, जिनका वर्षों पुराना पक्के घर का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पूरा हुआ है। महिपाल बताते हैं कि उनका परिवार लंबे समय तक कच्चे मकान में निवास करता था। बारिश, आंधी और अन्य मौसमीय परिस्थितियों के दौरान मकान को नुकसान पहुंचने का भय हमेशा बना रहता था, जिससे परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी।
सीमित आय के कारण स्वयं पक्का मकान बनाना उनके लिए संभव नहीं था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आई। योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने अपना पक्का घर बनवाया, जिससे अब पूरा परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में रह रहा है।
महिपाल पैकरा का कहना है कि पक्के आवास ने उनके परिवार को न केवल सुरक्षा प्रदान की है, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास और सम्मान भी बढ़ाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार को सुरक्षित जीवन की नई शुरुआत दी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना आज ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और आर्थिक बदलाव का माध्यम बन रही है तथा जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय