बलरामपुर : पीएम आवास योजना की अपात्र सूची जारी, 16 अगस्त तक दावा-आपत्ति
बलरामपुर, 31 जुलाई (हि.स.)।प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वे सूची में शामिल अपात्र परिवारों की अंतिम सूची आज शुक्रवार जारी कर दी गई। सूची में नाम शामिल होने पर संबंधित हितग्राही 1 अगस्त से 16 अगस्त तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं से अनुमोदन के बाद जनपद पंचायतों के माध्यम से अपात्र परिवारों का सत्यापन और चिन्हांकन किया गया। सरपंच और सचिव के अनुमोदन के बाद अंतिम अपात्र सूची आवास पोर्टल पर अपडेट कर दी गई है।
हितग्राहीवार अपात्र सूची संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है। संबंधित व्यक्ति वहां जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं।
यदि किसी व्यक्ति या परिवार को सूची पर आपत्ति है, तो वह 1 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक जिला पंचायत बलरामपुर कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ लिखित दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय