बस्तर संभाग के किसी खिलाड़ी को पहली बार किया जायेगा राज्य खेल पुरस्कार से सम्मानित
बीजापुर, 29 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर घोषित राज्य खेल पुरस्कारों में बस्तर ने इतिहास रच दिया है। वर्ष 2023-24 के शहीद कौशल यादव पुरस्कार के लिए बीजापुर जिले के प्रतिभावान सॉफ्टबॉल खिलाड़ी राकेश कड़ती का चयन किया गया है। राकेश की यह उपलब्धि पूरे बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय है।
बताया गया है कि अविभाजित मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब बस्तर संभाग के किसी खिलाड़ी को राज्य खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान सॉफ्टबॉल जैसे खेल को नई पहचान देने के साथ ही बस्तर की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय भी है। राकेश कड़ती की सफलता की कहानी संघर्ष, संकल्प और हौसले की मिसाल है।
बचपन में नक्सली हिंसा के दौरान उन्होंने अपने पिता स्व. सोमैया कड़ती और माता स्व. शांति कड़ती को खो दिया। कठिन परिस्थितियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने उन्हें टुमॉरो फाउंडेशन में दाखिला दिलाकर शिक्षा और बेहतर भविष्य की राह दिखाई। इसके बाद बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में राकेश ने श्रम निरीक्षक एवं सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी सोपान कर्णेवार के मार्गदर्शन में सॉफ्टबॉल का प्रशिक्षण प्रारंभ किया। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से खेल जगत में अलग पहचान बनाई। राकेश ने महज 11 वर्ष की उम्र से ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रमुख उपलब्धियां में राकेश अब तक 12 राष्ट्रीय और 2 अंतरराष्ट्रीय स्पधाओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने 6 पदक भी अपने नाम किए हैं।सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2021 (सब-जूनियर) रजत पदक, सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2022 (सब-जूनियर एवं जूनियर) दो रजत पदक, सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2023 (जूनियर) स्वर्ण पदक शामिल हैं।
सम्मान में सिर्फ राकेश ही नहीं, बल्कि बीजापुर की जूनियर सॉटबॉल गर्ल्स टीम भी सम्मानित होंगी। टीम को आज शनिवार काे मुख्यमंत्री ट्रॉफी से अलंकृत किया जाएगा। इस टीम में रेणुका तेलम, चंद्रकला तेलम, विमला तेलम और मीनू आरकी शामिल हैं। इस टीम ने हाल ही में आयोजित नेशनल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे