वातावरण में आक्सीजन का स्तर पर्याप्त बना रहे, इसलिए लगाएं पौधे : सुनील
निषाद समाज ने महिमासागर तालाब पार में किया पौधरोपण
धमतरी, 23 अगस्त (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण को लेकर धमतरी शहर निषाद समाज एवं कर्मचारी प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को महिमासागर तालाब पार में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृहद पौधरोपण किया गया। इस दौरान नीम, पीपल, बेल, आम और आंवला सहित छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
छत्तीसगढ़ प्रदेश निषाद समाज संगठन सचिव व्यापार प्रकोष्ठ सुनील निषाद ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी के कारण अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई थी। भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना जरूरी है, ताकि वातावरण में ऑक्सीजन का स्तर पर्याप्त बना रहे। निषाद समाज शिक्षक प्रकोष्ठ धमतरी जिला अध्यक्ष एवं शहर निषाद समाज कर्मचारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय निषाद ने कहा कि जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसी अनुपात में वृक्षारोपण नहीं हो पा रहा है।
पर्यावरण संतुलन और हरियाली बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण को अपनी जिम्मेदारी समझना चाहिए। शहर निषाद समाज अध्यक्ष ओम शंकर निषाद ने कहा कि एक वृक्ष लगाना सौ पुत्रों के सुख की प्राप्ति के समान माना गया है, इसलिए जहां भी स्थान उपलब्ध हो, वहां पौधे लगाने का प्रयास करना चाहिए। शहर निषाद समाज संगठन सचिव डॉ. केशव निषाद ने पर्यावरण प्रदूषण को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि प्रदूषण के कारण अनेक गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। इससे बचाव के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। पौधरोपण के दौरान स्थानीय निवासियों ने लगाए गए पौधों को अपने माता-पिता की स्मृति में गोद लेते हुए उनकी नियमित देखभाल करने की जिम्मेदारी स्वीकार की। कार्यक्रम में शहर निषाद समाज कर्मचारी प्रकोष्ठ संरक्षक देवआनंद निषाद, शहर निषाद समाज संरक्षक दौवाराम निषाद, श्री राम निषाद, घनश्याम निषाद, ईशा निषाद, आरु निषाद सहित बड़ी संख्या में सामाजिक जन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा