मकई चाैक में सप्ताहभर से गड्ढा, मकेश्वर वार्ड में पेयजल संकट

 




धमतरी, 26 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी के मकई गार्डन के प्रवेश द्वार के सामने पाइपलाइन सुधार के नाम पर खोदा गया गड्ढा लोगों की परेशानी का सबब बन गया है। इससे एक ओर आवाजाही प्रभावित हो रही है तो वहीं दूसरी ओर शहर के मकेश्वर वार्ड में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। लगभग 40 परिवार पानी की कमी से जूझ रहे हैं।

गर्मी बढ़ने के साथ ही मकई तालाब का जलस्तर घटने लगा है, जिससे बोरवेल का पानी भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रहा। अधिकांश घरों में बोर पर निर्भरता है, लेकिन जलस्तर नीचे जाने से पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है। स्थिति को और गंभीर बना रही है नगर निगम की अनियमित जलापूर्ति। वार्ड के प्रमोद पटेल ने कहा कि टेप नल के लिए कोई तय समय-तालिका नहीं होने से लोगों को दिनभर पानी के इंतजार में रहना पड़ता है। कभी भी पानी आने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

नगर निगम ने सप्ताह भर पहले मरम्मत कार्य के लिए मकई चौक के पास गड्ढा खोदा, लेकिन अब तक उसे भरा नहीं गया। मकई चौक शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिना जाता है। सुबह से रात तक यहां हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुले गड्ढे से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। गड्ढा तीन दिन में भरने का दावा किया गया था, लेकिन कई दिनों बाद भी काम अधूरा पड़ा है। इससे न केवल स्थानीय व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि चौपाटी आने-जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिक नरेंद्र नेताम का कहना है कि व्यस्त क्षेत्र में इस तरह लापरवाही बरतना खतरनाक है। बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था बढ़ गई है और कई बार जाम की स्थिति बन रही है। जल्द से जल्द गड्ढा भरा जाए। व्यवसायी राहुल अंदानी ने कहा कि गड्ढे के कारण पार्किंग व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

गोल बाजार और बालक चौक में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन मकई गार्डन परिसर में खड़े करते हैं, लेकिन प्रवेश द्वार पर गड्ढा होने से वाहन अंदर नहीं जा पा रहे। व्यवसायी राजेश देवांगन ने कहा कि धमतरी शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, जिससे इस इलाके में हमेशा भीड़ बनी रहती है।नगर निगम से प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि लोगाें को परेशानी न हो।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने कहा कि मकई चौक जैसे व्यस्त इलाके में महीनों से गड्ढा खुला पड़ा है, लेकिन इसे भरने की कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में ऐसे में गड्ढे दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, जिसे प्राथमिकता के आधार पर तत्काल भरना जरूरी है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल का कहना है कि पाइपलाइन मरम्मत कार्य जारी है और जल्द ही गड्ढा भर दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्या का शीघ्र समाधान कर लोगों को राहत दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा