गंगरेल से लौट रही पिकअप भटगांव रोड पर पलटी, 25 से अधिक लोग घायल
वाहन में 40 से ज्यादा लोग थे सवार, हादसे में बच्चे भी चोटिल; घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
धमतरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप वाहन भटगांव आईटीआई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 25 से अधिक लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। घायलों में महिला, पुरुषों के साथ बच्चे भी शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि वाहन में 40 से अधिक लोग सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बोहरा गांव के श्रद्धालु पिकअप वाहन में सवार होकर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद सभी सियादेही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भटगांव आईटीआई के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद पिकअप में सवार लोग इधर-उधर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने और उनकी मदद करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112, रुद्री पेट्रोलिंग और वरदान की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल भटगांव आरोग्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए घायलों को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
शिवा प्रधान ने अपनी दो एंबुलेंस उपलब्ध कराईं। ऋतुराज फाउंडेशन की एंबुलेंस के माध्यम से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान प्रेम साहू और हेमंत प्रधान ने सहयोग किया। डायल 112 की ओर से चालक रुद्रनारायण साहू और चालक गणेश साहू भी सहायता कार्य में जुटे रहे। जिला अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में उपचार व्यवस्था सक्रिय हो गई और चिकित्सक घायलों के इलाज में जुट गए। हादसे में चित्रा (14 वर्ष), लक्ष्य (10 वर्ष), रुक्मणी (35 वर्ष), देविका (15 वर्ष) और टेमन (11 वर्ष) सहित कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। दुर्घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा