बलरामपुर जिले में महिलाओं से भरी पिकअप वाहन पलटी , दो की मौत
बलरामपुर/रायपुर, 16 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में जारगीम गांव के पास महिलाओं से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की देर रात एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में महिला मजदूर सवार थी , जो धान की रोपाई करके वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान जारगीम गांव के पास अंधे मोड़ के पास अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार सभी गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
शंकरगढ़ पुलिस ने बताया है कि विमला नगेशिया (40 वर्ष) और कामेश्वरी पैकरा (46 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई । दोनों परेवा गांव की निवासी थीं। वाहन में करीब 20 से 25 महिला मजदूर सवार थीं, जिनमें से 10 से अधिक घायल हुई हैं और 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा