नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर' पर पीआईबी का वार्तालाप 27 जून काे
जगदलपुर, 26 जून (हि.स.)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर द्वारा 27 जून (शनिवार) को दोपहर 2 बजे जगदलपुर स्थित होटल एम्बिशन में वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम का विषय सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष : नक्सलवाद से विकास और विश्वास की ओर बढ़ता बस्तर रखा गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा विगत 12 वर्षों में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए गए प्रयासों तथा बस्तर क्षेत्र में विकास, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, जनजातीय सशक्तिकरण एवं विश्वास निर्माण की दिशा में हुए सकारात्मक परिवर्तनों पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री, तोखन साहू होंगे, जबकि अध्यक्षता बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप करेंगे। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के वरिष्ठ पत्रकारों की सहभागिता रहेगी। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा जिला पंचायत के वरिष्ठ अधिकारी भी विषय विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता करेंगे। वे बस्तर क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार, सुरक्षा एवं विकास के समन्वित प्रयासों तथा विकसित भारत @2047 के परिप्रेक्ष्य में बस्तर की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे।
पत्र सूचना कार्यालय के अनुसार वार्तालाप श्रृंखला का उद्देश्य सरकार, प्रशासन और मीडिया के बीच तथ्यपरक, रचनात्मक एवं सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना है। यह मंच समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श, अनुभवों के आदान-प्रदान तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा का अवसर प्रदान करता है। पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर ने बस्तर संभाग के सभी पत्रकार साथियों से कार्यक्रम में सहभागिता का अनुरोध किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे