औषधि विक्रेता स्वास्थ्य व्यवस्था की अहम कड़ी: रामू रोहरा
जिला औषधि विक्रेता संघ के कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद और दायित्व की शपथ
धमतरी, 03 सितंबर (हि.स.)। जिला औषधि विक्रेता संघ का गुरुवार को सिहावा रोड स्थित शांति वाटिका में कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में संघ से जुड़े सदस्य व शहर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश साहू, सचिव राकेश साहू एवं कोषाध्यक्ष दिनेश डे पद सहित अन्य सदस्याें ने पद एवं दायित्व की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि औषधि विक्रेता स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को समय पर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और उचित वितरण सुनिश्चित करने में उनकी अहम भूमिका है। उन्हें सेवा भावना और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए। अध्यक्ष राजेश साहू, सचिव राकेश साहू एवं कोषाध्यक्ष दिनेश डे ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महापौर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संघ की मजबूती तभी सार्थक है, जब उसका लाभ आम नागरिकों और जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि औषधि व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए समय-समय पर आयोजित कार्यशालाएं नए नियमों, कानूनी प्रावधानों, व्यवसायिक दायित्वों और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी देने का बेहतर माध्यम हैं।
कार्यशाला में औषधि व्यवसाय से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही व्यवसाय में पारदर्शिता बनाए रखने, संगठन को मजबूत करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में औषधि विक्रेता उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए सदस्यों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और जनहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा